रेवाड़ी: 2026 में शहर का गौरव लौटाने का संकल्प, कटला गंज में गूंजी 62वीं ‘सफाई क्रांति’ | Ayushya Path
रेवाड़ी: 2026 में ‘मां रेवाड़ी’ को उसका गौरव लौटाने का संकल्प, ऐतिहासिक कटला गंज बाजार में गूंजी 62वीं ‘सफाई क्रांति’
रेवाड़ी | आयुष्य पथ डेस्ककड़ाके की ठंड और सुबह के 6:30 बजे का समय, जब पूरा शहर रजाई में दुबका था, तब रेवाड़ी के ‘शूरवीर’ हाथों में झाड़ू और दिल में जज्बा लेकर शहर के सबसे पुराने और बड़े बाजार ‘कटला गंज’ की तस्वीर बदलने निकल पड़े। रविवार को आयोजित 62वीं सफाई क्रांति (Safai Kranti) केवल कूड़ा उठाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने 2026 में रेवाड़ी को उसका खोया हुआ गौरव लौटाने का एक मजबूत संकल्प लिया।
विधायक ने संभाली कमान, व्यापारियों ने बरसाए फूल
इस महाअभियान की कमान रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने स्वयं संभाली। उन्होंने सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हुए स्वयं झाड़ू लगाई। गल्ला व्यापार समिति के प्रधान हेमंत अग्रवाल और उनकी टीम ने सफाई शूरवीरों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
- अद्भुत दृश्य: जेसीबी और स्वीपिंग मशीनों के सहयोग से सफाई योद्धाओं ने बरसों से जमी गंदगी को ऐसे साफ किया कि हर कोई हैरान रह गया।
- शौचालय की मांग: इस अवसर पर बाजार की सबसे बड़ी समस्या ‘सार्वजनिक शौचालय’ का न होना बताई गई। विधायक को ज्ञापन सौंपा गया, जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि 2026 में इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
विशेष: योग और स्वच्छता का संगम (आयुष्य मन्दिरम्)
इस सफाई क्रांति की सबसे बड़ी खूबसूरती यह रही कि इसमें स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्कृति की भी झलक दिखी। समापन अवसर पर ‘आयुष्य मन्दिरम्’ (Ayushya Mandiram), मॉडल टाउन रेवाड़ी से जुड़ी और प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित योगाचार्य सुषमा के प्रयासों की सराहना की गई।
योगाचार्य सुषमा के प्रयासों से अब योग तेजी से आमजन के शरीर में अपना स्थान बना रहा है। एक तरफ सफाई क्रांति शहर को स्वच्छ कर रही है, तो दूसरी तरफ योग से शरीर को स्वस्थ रखने की सोच को मजबूत किया जा रहा है।
गंदगी के ‘हॉटस्पॉट’ पर प्रहार
बाजार की वो गलियां जहां से गुजरना मुश्किल था, वहां सफाई के शूरवीर मोनू राव, ललित कुमार और प्रदीप वशिष्ठ ने अपने हाथों से गंदगी साफ की। पेशाब वाली गली में जमी गंदगी को हटाकर उन्होंने यह संदेश दिया कि कोई भी काम छोटा नहीं होता।
समाजसेवियों का योगदान
इस अभियान में ‘विकास गद्देवाला’ की समर्पित सोच की जमकर सराहना हुई। काठमंडी स्थित उनके प्रतिष्ठान के संचालक विकास गुप्ता सफाई क्रांति की शुरुआत से ही इसके मजबूत आधार स्तंभ रहे हैं। साथ ही, युवा एडवोकेट अरविंद यादव का जन्मदिन भी इस अवसर पर सेवा कार्य करके शानदार तरीके से मनाया गया।
इस मौके पर मोती चौक व्यापार संगठन के प्रधान पुरुषोत्तम दास, अरविंद गुप्ता, रमेश अग्रवाल, मुकेश मोदी, नीरज सोनी समेत सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आपको पूरी खबर के लिए विडियो भी देखना चाहिए

