रेवाड़ी की ‘सफाई क्रांति’: कड़ाके की ठंड में 59वां महाअभियान, विधायक और ‘आयुष्य मन्दिरम्’ ने दिया स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य का संदेश
रेवाड़ी: कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को मात देते हुए, रेवाड़ी के ‘सफाई वीरों’ ने रविवार सुबह शहर के मुख्य द्वार (दिल्ली रोड) पर 59वीं सफाई क्रांति का ऐतिहासिक आगाज किया। राव अभय सिंह चौक से शुरू हुए इस महाअभियान में शहरवासियों ने साबित कर दिया कि जब इरादे मजबूत हों, तो मौसम की बाधाएं मायने नहीं रखतीं।
बीमारी को हराकर सड़क पर उतरे विधायक इस अभियान की सबसे भावुक कर देने वाली तस्वीर तब दिखी, जब अभियान के सूत्रधार और रेवाड़ी विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव अस्वस्थ होने के बावजूद सफाई वीरों का हौसला बढ़ाने पहुंचे। उन्होंने कहा, “शरीर बीमार हो सकता है, लेकिन आत्मा नहीं। यह सफाई अभियान अब परमात्मा की सेवा बन चुका है।”
JCB से हटी सालों पुरानी गंदगी दिल्ली रोड के दोनों तरफ और फुटपाथों पर सालों से जमी मिट्टी और गंदगी को जेसीबी (JCB) मशीनों और युवाओं की मेहनत से साफ किया गया। डोन बास्को स्कूल के पास युवा समाजसेवी मोनू यादव और उनकी टीम (चालक-परिचालकों) ने पिछले दो महीनों से जारी अपने सफाई प्रयासों को इस महाअभियान के साथ जोड़ा, जिससे पूरा इलाका चमक उठा।
उदासीनता टूटी, शिव कॉलोनी भी साथ आई शुरुआत में जहां आसपास के दुकानदार और निवासी उदासीन दिख रहे थे, वहीं युवाओं का जोश देखकर शिव कॉलोनी के लोग भी घरों से बाहर निकले और झाड़ू थामकर इस मुहिम का हिस्सा बने। हालांकि, कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर फैली गंदगी पर आयोजकों ने चिंता जताई और इसे “मानसिक मैल” बताया।
‘आयुष्य मन्दिरम्’ के योग से हुआ समापन स्वच्छता अभियान का समापन केएलपी (KLP) कॉलेज के प्रांगण में हुआ। यहाँ स्वास्थ्य और स्वच्छता का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘आयुष्य मन्दिरम्’ (मॉडल टाउन) की वरिष्ठ योगाचार्य और प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित सुषमा जी ने सभी सफाई वीरों को योग अभ्यास कराया। उन्होंने संदेश दिया कि “बाहर की सफाई के साथ-साथ भीतर (शरीर और मन) की सफाई भी जरूरी है।
प्रमुख झलकियाँ:
- केएलपी कॉलेज: प्राचार्य कविता गुप्ता और प्रधान रिपुदमन गुप्ता की टीम ने अभियान का शानदार स्वागत किया।
- प्रश्नोत्तरी: रिटायर्ड अधिकारी मनोज यादव ने स्वच्छता पर क्विज़ आयोजित कर माहौल को रोचक बना दिया
- काव्य पाठ: विधायक पुत्र एडवोकेट निशांत यादव ने ओजस्वी कविता से युवाओं में जोश भरा।
- सम्मान: अंत में सभी सेवादारों और सफाई वीरों को सम्मानित किया गया।
(स्रोत: रणघोष अपडेट 08 दिसम्बर 2025)

